कैलादेवी मुंडन कराने जा रहे श्रद्धालुओं का मैक्स टेंपो हाईवे पर पलटा: टायर फटने से बड़ा हादसा, महिला की मौत, मासूमों समेत 20 घायल
धौलपुर/बाड़ी। आगरा से करौली स्थित माता कैलादेवी के दर्शन और बच्चियों के मुंडन संस्कार के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाड़ी के सदर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 11-बी (NH-11B) पर बिजौली और नयापुरा मोड़ के पास चलती मैक्स गाड़ी का अचानक टायर फट गया। गाड़ी बेकाबू होकर हाईवे पर ही पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में 50 वर्षीय एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बच्चों समेत परिवार के 20 लोग घायल हो गए।
खुशियों के बीच पसरा मातम
सदर थाना एएसआई कम्पोटर सिंह ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। आगरा के ककुआ गांव से एक ही परिवार के सदस्य मैक्स गाड़ी में सवार होकर कैलादेवी जा रहे थे। परिवार की दो नन्हीं बच्चियों—मिश्री और वैष्णवी का मुंडन संस्कार होना था। लेकिन रास्ते में ही अचानक टायर फटने से गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई और चीख-पुकार मच गई।
10 की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीया रिमला पत्नी दलेल को बाड़ी अस्पताल लाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में कुल 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 10 गंभीर घायलों को धौलपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, मामूली रूप से चोटिल लोगों का बाड़ी अस्पताल में उपचार किया गया। घायलों में 2 माह की मासूम वैष्णवी, 3 साल की तान्या, 5 साल के वंश सहित कई बच्चे और महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मृतक महिला के शव को बाड़ी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर परिजनों को सूचित कर दिया है। एएसआई कम्पोटर सिंह के अनुसार, घायलों का उपचार जारी है और दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जांच की जा रही है।
घायलों की सूची:
जीत प्रकाश (36), राजू (30), कान्हा (14), सुरेश (60), अंशिका (8), तान्या (3), आजाद (37), मनीषा (30), आर्यन (8), किरण (30), रेखा (32), रेशमा (20), वैष्णवी (2 माह), शिशुपाल (24), गोविंद (39), वंश (5), अभिराज (6) और नरेंद्र (26)।

