जयकारों से गूंजा बांरा रास्ता: नारायणपुर से घाटा पपलाज माता की छठी पदयात्रा रवाना, उमड़ा आस्था का सैलाब
सकट (अलवर) क्षेत्र के बाढ़ बंध का बास (नारायणपुर) में सोमवार को भक्ति और असीम श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पपलाज माता सेवा समिति नारायणपुर के तत्वाधान में शीतला माता मंदिर से घाटा पपलाज माता की छठी पदयात्रा विधिवत झंडा पूजन के साथ रवाना हुई।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अखंड ज्योति प्रज्वलित
सेवा समिति अध्यक्ष विश्राम सैनी ने बताया कि यात्रा से पूर्व पंडित पवन कुमार शर्मा ने मंत्रोच्चारण के साथ मुख्य ध्वज का पूजन करवाया। इसके बाद माता के सजाए गए दिव्य रथ में अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ माता की महाआरती उतारी। नाथलवाड़ा ग्राम पंचायत प्रशासक मुकेश मंडावरी एवं पूर्व सरपंच फतेह राम मीणा ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को आगे के लिए रवाना किया।
डीजे की धुन पर थिरकीं महिलाएं, गूंजे जयकारे
पदयात्रा में बड़ी संख्या में पुरुष हाथ में पचरंगी ध्वज पताकाएं लेकर माता के जयकारे लगाते चल रहे थे, तो वहीं महिलाएं डीजे पर बजते भजनों पर भाव-विभोर होकर नाचती-गाती नजर आईं। रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों ने पदयात्रियों पर पुष्प वर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया और फलाहार का वितरण किया।
मंगलवार को पहुंचेगी मंदिर, बुधवार को विशाल भंडारा
यह पदयात्रा नारायणपुर से शुरू होकर बांदीकुई, सिकंदरा, राजवास, गढ़ रानोली और मोरोली होते हुए मंगलवार शाम को घाटा पपलाज माता मंदिर पहुंचेगी। वहां श्रद्धालु सामूहिक रूप से ध्वज चढ़ाएंगे। मंगलवार रात को भव्य जागरण होगा, जिसके बाद बुधवार दोपहर 12 बजे माता को भोग लगाकर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

