महुवा में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: 'जन आशीर्वाद रोड शो' में उमड़ा जनसैलाब; विधायक बोले— महुवा-मंडावर में बनेगा भाजपा का बोर्ड
महुवा | अवधेश अवस्थी
महुवा नगर निकाय चुनाव 2026 के प्रचार अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी द्वारा सोमवार को कस्बे में विशाल 'जन आशीर्वाद रोड शो' का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रैला तथा क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र मीणा के नेतृत्व में आयोजित इस रोड शो के माध्यम से पार्टी ने भारी शक्ति प्रदर्शन करते हुए सभी वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों की जीत का दावा ठोका।
राधा रानी मैरिज होम से शुरू होकर मुख्य बाजारों से गुजरा रोड शो
रोड शो की शुरुआत जयपुर रोड स्थित राधा रानी मैरिज होम गार्डन से हुई। वहां से कार्यकर्ताओं और समर्थकों का काफिला जयपुर रोड, हिंडौन रोड, मुख्य बाजार और तहसील रोड होते हुए निकला। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर आमजन और व्यापारियों द्वारा रोड शो पर पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात हिंडौन रोड पर आयोजित एक विशाल जनसभा के साथ रोड शो का समापन हुआ।
विकास के लिए 'ट्रिपल इंजन' सरकार जरूरी: विधायक राजेंद्र मीणा
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र मीणा ने कहा कि महुवा और मंडावर की जनता के आशीर्वाद से निकाय चुनाव में भाजपा के पार्षद भारी बहुमत से जीतकर आएंगे और दोनों नगर पालिकाओं में भाजपा का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है, विधायक भी भाजपा का है, ऐसे में महुवा के चौमुखी विकास के लिए मतदाता भाजपा के प्रत्याशियों को जिताकर ट्रिपल इंजन की ताकत दें।
मातृशक्ति और युवाओं का दिखा जबरदस्त उत्साह
विधायक मीणा ने कहा कि रोड शो के दौरान महुवा के हर मार्ग और चौराहे पर मातृशक्ति का स्नेह, युवाओं का जोश और बुजुर्गों का आशीर्वाद देखने को मिला। यह जनसमर्थन स्पष्ट संदेश दे रहा है कि महुवा की जनता सेवा, सुशासन, विकास और गरीब कल्याण की नीति के साथ मजबूती से खड़ी है।
हजारों कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी रैला, विमल जैन, मंजू जाटव सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, वार्ड प्रत्याशी, कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में महुवा नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने पूरी रैली के दौरान पार्टी और प्रत्याशियों के समर्थन में गगनभेदी नारे लगाए।

