निकाय चुनाव 2026: जिला निर्वाचन अधिकारी व एसपी ने वैर, भुसावर और नदबई के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण; निष्पक्ष चुनाव कराने के दिए सख्त निर्देश
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)
नगर निकाय चुनाव 2026 की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी तथा जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने सोमवार को नगर पालिका वैर, भुसावर एवं नदबई क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों और मतदान दिवस की व्यवस्थाओं का भौतिक अवलोकन करते हुए संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भौतिक सत्यापन कर कमियों को समय से करें दूर
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने मतदाताओं के सुगम आवागमन, मतदान दलों के लिए बिजली-पानी व छांव जैसी आवश्यक सुविधाओं तथा सुव्यवस्थित मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों (ROs) को प्रत्येक मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने और पाई जाने वाली कमियों को मतदान दिवस से पूर्व दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सुरक्षा व्यवस्था में न रहे कोई ढिलाई: पुलिस अधीक्षक
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने कानून व व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मतदान केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कार्य करे तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
रिटर्निंग अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
निरीक्षण के पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने वैर, भुसावर और नदबई में संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अधिकारियों को टीम भावना के साथ काम करने और आपसी समन्वय से चुनावी दायित्वों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान भुसावर आरओ राधेश्याम मीणा, नदबई आरओ सचिव यादव एवं वैर आरओ ऋतुराज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

