प्रचार थमा: नगर पालिका चुनाव के अंतिम दौर में प्रत्याशियों की सीधी परीक्षा, घर-घर दस्तक देकर जुटा रहे समर्थन
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन)। कस्बे की नगर पालिका क्षेत्र के 25 वार्डों में बुधवार शाम सार्वजनिक प्रचार का शोर पूरी तरह थम गया है। इसके साथ ही अब प्रत्याशियों के लिए मतदान से पहले के 48 घंटे बेहद निर्णायक और परीक्षा की घड़ी साबित हो रहे हैं। प्रचार का दौर खत्म होने के बाद अब उम्मीदवार आचार संहिता के दायरे में रहकर डोर-टू-डोर संपर्क के जरिए पर्चे और कार्ड बांटकर मतदाताओं को साधने में जुटे हैं।
सार्वजनिक प्रचार बंद होने के बाद अब भीड़ जुटाने या बड़े आयोजनों के बजाय व्यक्तिगत संपर्क, जमीनी कार्यकर्ताओं की सक्रियता और 11 सितंबर को मतदान के दिन मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने की माइक्रो-मैनेजमेंट रणनीति पर पूरा जोर दिया जा रहा है।
- प्रचार के अंतिम दिन हुआ शक्ति प्रदर्शन
प्रचार थमने से ठीक पहले कस्बे के विभिन्न वार्डों में प्रत्याशियों ने रैली और रोड शो निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
- वार्ड नंबर 8 में दो महिला प्रत्याशियों के बीच सीधा व रोचक मुकाबला
वार्ड नंबर 8 में चुनाव का विशेष आकर्षण देखने को मिला, जहां भाजपा प्रत्याशी मीना गुप्ता और निर्दलीय प्रत्याशी मधुबाला खारवाल ने बाजार क्षेत्र में भव्य रोड शो कर अपनी-अपनी ताकत दिखाई। केवल दो महिला उम्मीदवारों के मैदान में होने से इस वार्ड में मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ा हो गया है।
प्रचार का शोर थमने के बाद अब चुनावी दौड़ अपने सबसे अंतिम और महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच चुकी है, जहां हर प्रत्याशी का भविष्य मतदाताओं के हाथों में है।

