चौरी-चौरा में स्कूल बस की टक्कर से महिला की दर्दनाक मौत, गांव में मचा हड़कंप
गोरखपुर (शशि जायसवाल) चौरी चौरा तहसील क्षेत्र के बिंटोलिया गांव में गुरुवार को हुए एक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। शिवपुर-बिंटोलिया निवासी माधुरी देवी (पत्नी हीरालाल निषाद) वर्टेक्स स्कूल की बस की चपेट में आ गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, साथ ही दुर्घटना में शामिल स्कूल बस को भी जब्त कर लिया है।
चालक पर लापरवाही का आरोप, जांच की मांग हादसे के बाद से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसा बस चालक की लापरवाही के कारण हुआ। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

