विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027: युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष विचार रखने का मिलेगा अवसर
झुंझुनूं, (सुमेरसिंह राव) विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) 2027 को लेकर गुरुवार को माय भारत केंद्र की युवा अधिकारी मधु यादव ने सूचना केंद्र सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस अवसर पर वीबीवाईएलडी 2027 के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
मधु यादव ने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के माध्यम से देशभर के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी एक योग्यता-आधारित यात्रा में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस यात्रा का समापन 10 से 12 जनवरी, 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में होगा। चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष विकसित भारत को लेकर अपने विचार और नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यह पहल गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से एक लाख युवा नेताओं को तैयार करने के दृष्टिकोण के अनुरूप है। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं को सार्वजनिक जीवन में भागीदारी, विचारों के आदान-प्रदान और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए मंच प्रदान करना है।
- क्विज से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
मधु यादव ने बताया कि विकसित भारत चैलेंज के प्रथम चरण के रूप में विकसित भारत क्विज का आयोजन 30 सितंबर, 2026 तक ‘माय भारत पोर्टल’ पर किया जा रहा है। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा कई भाषाओं में डिजिटल माध्यम से भाग ले सकेंगे। अधिकतम चार लाख प्रतिभागियों में से शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागी अगले चरण की विकसित भारत निबंध प्रतियोगिता के लिए चयनित होंगे। चयनित युवाओं को ‘विकसित भारत’ विषय पर 500 शब्दों का निबंध प्रस्तुत करना होगा।
इसके बाद चयन प्रक्रिया पांच चरणों में आगे बढ़ेगी—विकसित भारत क्विज → निबंध चुनौती → जिला चैंपियनशिप → राज्य/केंद्र शासित प्रदेश वीबीवाईएलडी → राष्ट्रीय वीबीवाईएलडी।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रत्येक जिले के शीर्ष 50 निबंधों का चयन व्यक्तिगत प्रस्तुति दौर के लिए किया जाएगा। इनमें से शीर्ष दो प्रतिभागी राज्य स्तरीय वीबीवाईएलडी के लिए अर्हता प्राप्त करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 से 16 नवंबर, 2026 तक आयोजित की जाएंगी। राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताएं 17 नवंबर से 7 दिसंबर, 2026 तक प्रस्तावित हैं।

