तखतगढ़ में निकाय चुनाव को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, ASP ओर थानाधिकारी ने निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान की अपील
तखतगढ़ (बरकत खान) आगामी नगर निकाय चुनाव-2026 के मद्देनजर कस्बे में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के जरिए आमजन एवं मतदाताओं को सुरक्षा का अहसास कराया गया और कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों को सख्त संदेश दिया गया।
पुलिस बल ने पुलिस थाना परिसर से मार्च की शुरुआत की, जो प्रताप चौक, मुख्य बाजार, ठाकुरजी मंदिर और हजरत इस्माइल दरगाह सहित कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों से होता हुआ गुजरा।
- एसपी और थानाधिकारी ने की सहयोग की अपील
मार्च के दौरान एसपी बुगलाल मीना ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड़ पर है। वहीं, थानाधिकारी शैतान सिंह चारण ने मतदाताओं से बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कस्बेवासियों से चुनावी प्रक्रिया के दौरान शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
इस फ्लैग मार्च के दौरान एसआई मकसूद खा, घीसूलाल मीणा, जसराज, गोपाल सिंह, सूचना अधिकारी नमीतराम, श्रवण जाखड़, पूरण कुमार सहित पुलिस थाने का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

