लोकतंत्र का महापर्व: रामगढ़-अलावड़ा में उमड़ी भीड़,रामगढ़ में 75.64% और मुबारकपुर में 74.76% पड़े वोट
रामगढ़ (अलवर) / राधेश्याम गेरा
पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत सरपंच और पंच पदों के लिए हो रहे मतदान में ग्रामीणों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। रामगढ़ पंचायत समिति और जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत अलावड़ा के आदर्श मतदान केंद्र पर लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर गजब का जोश नजर आया, जहाँ सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने से पहले ही बूथ संख्या 3 और 5 के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थीं।
अलावड़ा में त्रिकोणीय मुकाबला और बंपर वोटिंग
ग्राम पंचायत अलावड़ा में सरपंच पद के लिए तीन दिग्गज प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। सभी प्रत्याशी और उनके समर्थक अपनी-अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। दोपहर ढलते-ढलते मतदान का ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ा।
-
अलावड़ा कस्बा: दोपहर 1 बजे तक 55% और दोपहर 3 बजे तक 70% मतदान दर्ज किया गया।
-
रामगढ़ पंचायत समिति: दोपहर 1 बजे तक 58.85% से बढ़कर दोपहर 3 बजे तक 75.64% पर पहुंच गई।
-
मुबारकपुर पंचायत समिति: दोपहर 3 बजे तक यहाँ 74.76% बंपर मतदान हुआ।
फर्जी वोटिंग पर गरमाया माहौल
मतदान के दौरान अलावड़ा कस्बे में एक समय असमंजस और हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक महिला मतदाता का वोट किसी अन्य द्वारा डाले जाने का मामला सामने आया। पीड़िता ने जब इसकी शिकायत रिटर्निंग अधिकारी से की, तो अधिकारी ने मौके पर मौजूद पोलिंग एजेंटों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि जब तीनों प्रत्याशियों के एजेंट बूथ पर मुस्तैद हैं, तो वे क्या देख रहे हैं।
युवाओं का उत्साह और स्काउट की सराहनीय सेवा
इस चुनाव में पहली बार मताधिकार का प्रयोग कर रहे युवा मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया, जिन्होंने वोट डालने के बाद सेल्फी पॉइंट पर जमकर पोज दिए। वहीं, दूसरी ओर भारत स्काउट और गाइड के बच्चों ने मानवीय मिसाल पेश करते हुए विकलांग और वृद्ध मतदाताओं को मुख्य गेट से मतदान केंद्र तक लाने-ले जाने में पूरी तन्मयता से सहयोग किया। छिटपुट नोकझोक को छोड़कर पूरे क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

