रंगोली बनाकर दिया मतदान का संदेश, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर संकलित किए प्रपत्र
स्वीप गतिविधियों के तहत शिक्षण संस्थाएं और महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यकर्ता निभा रहे है सक्रिय भागीदारी
डीग (नीरज जैन) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में संचालित 'विशेष गहन पुनरीक्षण' कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही है।
स्वीप कार्यक्रम के तहत बुधवार को राजकीय महाविद्यालय डीग में मतदाता जागरूकता के लिए विशेष रंगोली निर्माण का आयोजन किया गया। छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में आकर्षक रंगोली बनाकर मतदान के महत्व को रेखांकित किया। छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से "वोट फॉर बेटर इंडिया", "आओ मतदान करें" और "मेरा पहला वोट देश के लिए" जैसे संदेश प्रसारित किए। इस अवसर पर उपस्थित सभी छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने और अन्य मतदाताओं को जागरूक करने का संकल्प लिया।
वार्ड संख्या 11 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा सघन संपर्क
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को गति देने के उद्देश्य से बुधवार को डीग शहर के वार्ड संख्या 11 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर सर्वे और संपर्क अभियान चलाया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के निवासियों और दुकानदारों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर उनसे गणना प्रपत्र संकलित किए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी और पात्र नागरिकों से प्रपत्र भरवाकर जमा किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी उत्सव कौशल ने आमजन से अपील की है कि जब भी बीएलओ या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उनके निवास पर आएं, तो उन्हें परिवार के सदस्यों की सही जानकारी उपलब्ध कराएं और मतदाता सूची को त्रुटि-रहित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।