अहोई अष्टमी पर डीग में रोशनी महिला मंडल ने बांटी खुशियां, चार अनाथ बच्चों के परिवार को दिया राशन और कपड़े
डीग (नीरज जैन) अहोई अष्टमी पर डीग रोशनी महिला मंडल ने चार अनाथ बच्चों के परिवार के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। मंडल की सदस्याओं ने परिवार को राशन सामग्री और दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुएं भेंट कीं। दीपावली के मद्देनजर पूरे परिवार को नए कपड़े और अन्य आवश्यक सामान भी दिए गए।
संतान की सुख-समृद्धि और लंबी आयु की कामना से जुड़ा अहोई अष्टमी का पर्व मां की ममता का प्रतीक माना जाता है। मंडल ने इसी भावना को आधार बनाकर उन बच्चों के बीच पहुंचने का निर्णय लिया, जिनके सिर से माता-पिता का साया उठ चुका है।
मंडल की संस्थापक मीरा गोयल ने कहा कि हर बच्चे को प्यार, सुरक्षा और खुशियों से भरा बचपन मिलना चाहिए। प्रयास यही है कि माता-पिता को खो चुके बच्चे भी परिवार जैसा अपनापन महसूस करें। उन्होंने कहा, "दीपावली पर इन बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही हमारे लिए सबसे बड़ा उपहार है।" उन्होंने समाज के हर व्यक्ति से ऐसे बच्चों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
मंडल की सदस्याओं ने कहा कि त्योहार केवल अपने परिवार तक सीमित खुशी का नाम नहीं है, बल्कि जरूरतमंद बच्चों के जीवन में भी उम्मीद का दीप जलाने का अवसर है। सेवा कार्य के दौरान संस्थापक मीरा गोयल, अध्यक्ष मधु जैन, महामंत्री मनोरमा सैनी, कोषाध्यक्ष कृपा शर्मा, उपाध्यक्ष राजेश शर्मा व प्रेमलता अग्रवाल, रानी तथा रजनी सक्सेना उपस्थित रहीं।

