चील की बावड़ी गांव में भागवत कथा की पूर्णाहुति पर आयोजित भंडारे में प्रसादी ग्रहण करने के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सकट. (अलवर) क्षेत्र की राजपुर बड़ा ग्राम पंचायत के चील की बावड़ी गांव स्थित रघुनाथ जी महाराज मंदिर पर सीता राम जी नवयुवक मंडल एवं ग्रामीणों के सहयोग से चल रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का समापन पूर्णाहुति एवं भंडारे के साथ शुकवार को हुआ। यहां आयोजित भंडारे में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर भंडारे की प्रसादी ग्रहण की। ग्रामीण बाबूलाल सैनी ने बताया कि भंडारा शुरू होने से पूर्व भागवत कथा की पूर्णाहुति का कार्यक्रम संपन्न कराया गया । इस मौके पर श्रद्धालुओं ने हवन यज्ञ में पूर्णाहुति डालकर भगवान से क्षेत्र की खुशहाली में सुख समृद्धि की कामना की। वही कथा वाचक प्रहलाद दास ने श्रीमद भागवत कथा की महिमा का गुणगान किया और उन्होंने लोगों से भक्ति मार्ग से जुड़ने और सत्कर्म करने को कहा। महाराज ने कहा कि हवन-यज्ञ से वातावरण एवं वायुमंडल शुद्ध होने के साथ-साथ व्यक्ति को आत्मिक बल मिलता है। व्यक्ति में धार्मिक आस्था जागृत होती है। दुर्गुणों की बजाय सद्गुणों के द्वार खुलते हैं। यज्ञ से देवता प्रसन्न होकर मनवांछित फल प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि भागवत कथा के श्रवण से व्यक्ति भव सागर से पार हो जाता है। श्रीमद भागवत से जीव में भक्ति, ज्ञान एवं वैराग्य के भाव उत्पन्न होते हैं। जिसे हम सब प्रसाद कहते हैं। इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि रामोतार शर्मा, महेंद्र शर्मा, मुकेश सैनी, कुलदीप शर्मा, दिलीप सैनी, महेश सैनी, बंसी राम सैनी, बाबूलाल सैनी, डालचंद सैनी, उदयभान शर्मा, कैलाश सैनी, लक्ष्मी नारायण शर्मा, मंगतराम, भगवान सहाय सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।