भरतपुर, (कौशलेंन्द्र दत्तात्रेय) देवस्थान विभाग द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 के अंतर्गत एक विशेष रेलगाड़ी दुर्गापुरा (जयपुर) से जगन्नाथपुरी-कोणार्क की यात्रा हेतु सोमवार, 19 जनवरी को दोपहर 12.30 बजे दुर्गापुरा (जयपुर) रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह रेलगाड़ी सवाईमाधोपुर एवं सोगरिया (कोटा) होते हुए अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेगी।
देवस्थान विभाग के आयुक्त आईएएस कन्हैयालाल स्वामी ने बताया कि इस विशेष यात्रा रेलगाड़ी में कुल 970 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्री सम्मिलित होंगे। इनमें दुर्गापुरा (जयपुर) रेलवे स्टेशन से जयपुर व दौसा जिले के 200, अलवर, सीकर व झुंझुनू जिले के 500, सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन से भरतपुर संभाग के 150 तथा सोगारिया (कोटा) रेलवे स्टेशन से झालावाड़ व बारां जिले के 120 यात्री यात्रा में सवार होंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रियों को निर्धारित रेलवे स्टेशनों पर समय से पहुंचने हेतु सूचित किया जा रहा है, ताकि समस्त प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण की जा सकें। जयपुर, दौसा, अलवर, सीकर व झुंझुनू जिलों के यात्रियों को दुर्गापुरा (जयपुर) रेलवे स्टेशन पर प्रातः 6 बजे, भरतपुर संभाग के यात्रियों को सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन पर प्रातः 8 बजे तथा झालावाड़ व बारां जिलों के यात्रियों को सोगारिया (कोटा) रेलवे स्टेशन पर प्रातः 11 बजे रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।
यात्रा के दौरान यात्रियों की देखरेख के लिए 1 ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में 2 सरकारी कर्मचारी अनुदेशक के रूप में, तथा चिकित्सा व्यवस्था हेतु 1 डॉक्टर एवं 2 नर्सिंग अधिकारी नियुक्त रहेंगे। आयुक्त ने बताया कि वर्ष 2025-26 के चयनित तीर्थ यात्रियों को व्यक्तिगत रूप से दूरभाष एवं संदेश के माध्यम से सूचना दी जा रही है। यात्रियों को अपने साथ ऑनलाइन भरे गए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी (प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र सहित), मूल जनआधार/आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, तथा दैनिक उपयोग की सामग्री जैसे आवश्यक औषधियां, व्यक्तिगत आवश्यकता हेतु नकदी एवं कपड़े लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि यात्रा की अवधि 7 दिवस की होगी, जिसमें यात्रियों के आवास, भोजन एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा की जाएंगी। इस प्रकार यह तीर्थ यात्रा यात्रियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।