लक्ष्मणगढ़ में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
लक्ष्मणगढ़/ दिनेश लेखी। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के आदेशानुसार न्यायालय परिसर लक्ष्मणगढ़ में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में अध्यक्ष अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश लक्ष्मणगढ़ गोपाल सैनी एवं सदस्य अधिवक्ता सुनील कुमार अग्रवाल व हरदयाल सिंह तहसीलदार, लक्ष्मणगढ़ मौजूद थे।
तालुका विधिक सेवा समिति लक्ष्मणगढ़ के सचिव धीरज सिंह ने बताया कि लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित कुल 691 प्रकरणों को चिन्हित कर रखा गया जिनमें से राजीनामे एवं आपसी सहमति के माध्यम से कुल 151 प्रकरणों का निस्तारण हुआ। बैंक एवं विद्युत विभाग प्रीलिटिगेशन के कुल 3038 प्रकरण रखे गये जिनमें से 374 प्रकरणों का राजीनामें से निस्तारण हुआ।
राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 30723266 रुपये (तीन करोड़ सात लाख तेईस हजार दो सौ छियासठ रुपये) मात्र का अवार्ड पारित किया गया।
इस मौके पर विधिक सेवा समिति के सचिव धीरज सिंह, अधिवक्ता श्यामसुन्दर गुप्ता, गोविन्द खण्डेलवाल, न्यायिक कर्मचारी घनश्याम शर्मा, सतीश शर्मा, कृष्णकान्त सैन, अमित सोनी, राजेन्द्र, सहित बैंक कर्मचारीगण मौजूद रहे।