बृजनगर में 3.60 करोड़ रुपए के पुलिस प्रशासनिक भवन का शिलान्यास, कृषि मंडी में 1.58 करोड़ रुपए के डोम का लोकार्पण

Mar 14, 2026 - 20:08
 0
बृजनगर में 3.60  करोड़ रुपए के पुलिस प्रशासनिक भवन का शिलान्यास, कृषि मंडी में 1.58 करोड़ रुपए के डोम का लोकार्पण

डीग / नीरज जैन  14 मार्च। “एक भयमुक्त और सुरक्षित समाज की स्थापना के लिए पुलिस बल का आधुनिक, सक्षम और संसाधन सम्पन्न होना बेहद जरूरी है। राज्य सरकार अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” यह बात राजस्थान सरकार के गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने शनिवार को डीग जिले के बृजनगर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
इस अवसर पर गृहराज्य मंत्री बेढम ने बृजनगर पुलिस थाने के बहुप्रतीक्षित नवीन प्रशासनिक भवन की आधारशिला रखी। करीब ₹3.60 करोड़ की लागत से बनने वाले इस भवन का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि इस सर्वसुविधायुक्त भवन के निर्माण से पुलिस अधिकारियों और जवानों को बेहतर एवं तनावमुक्त कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
 बेढ़म ने कहा कि नए भवन के बनने से विशेष रूप से महिलाओं, वृद्धजनों और जरूरतमंद लोगों को पुलिस से संपर्क करने में अधिक सुविधा मिलेगी और शिकायतों के निस्तारण में भी तेजी आएगी। उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीणा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कृषि उपज मंडी समिति बृजनगर में लगभग ₹1.58 करोड़ (158 लाख रुपये) की लागत से निर्मित विशाल डोम का फीता काटकर और पट्टिका का अनावरण कर लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था का मूल आधार कृषि और किसान हैं, इसलिए मंडियों में बुनियादी सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।
उन्होंने बताया कि नए डोम के निर्माण से अब किसानों और व्यापारियों को उपज की नीलामी और भंडारण के दौरान बारिश, ओलावृष्टि या तेज धूप जैसी मौसम की मार से राहत मिलेगी। इससे कृषि उपज का सुरक्षित भंडारण संभव होगा और किसानों को उनकी फसल का बेहतर मूल्य प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान कृषि मंडी परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और किसानों ने गृहराज्य मंत्री का पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया। इस मौके पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, मंडी समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान एवं नागरिक उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................