कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला से लूट, विरोध करने पर मारपीट; पुलिस जांच में जुटी
कठूमर (दिनेश लेखी) उपखंड मुख्यालय क्षेत्र में एक महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चांदपुर निवासी यशोदा बाई पत्नी मोहन सिंह 6 अप्रैल 2026 को अपने पीहर डीग जाने के लिए निकली थीं। वह कठूमर बस स्टैंड के पास एक दुकान पर बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात महिला उनके पास आई और बातचीत के दौरान खुद को भी डीग जाने वाला बताने लगी।
कुछ देर बाद उस महिला का एक साथी वहां आया और पैप्सी (कोल्ड ड्रिंक) लेकर आया। तीनों ने साथ बैठकर कोल्ड ड्रिंक पी। आरोप है कि बची हुई कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद यशोदा बाई बेहोश हो गईं, जिसके बाद आरोपी उन्हें बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए।
पीड़िता को होश नदबई क्षेत्र के ग्राम अस्तावन के पास आया। होश में आते ही जब उसने शोर मचाया, तो आरोपियों ने उसे खेतों की ओर ले जाकर मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने दराते से हमला किया, जबकि दूसरे ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने महिला के सोने के कुण्डल, अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी की पाजेब तथा करीब 1000 रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने राहगीर की मदद से अपने पति को सूचना दी। इसके बाद मामला पुलिस थाना कठूमर में दर्ज कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें पीड़िता और आरोपी भरीथल क्षेत्र में सुबह 11:34 बजे तथा कटारा स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर 12:12 बजे पेट्रोल भरवाते हुए दिखाई दिए हैं।
पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

