कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने ली उपखंड स्तरीय बैठक, विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए कड़े निर्देश; सफाई कर्मियों की सूची होगी सार्वजनिक, नशामुक्ति और अवैध खनन पर पुलिस बरतेगी सख्ती
सुमेरपुर (बरकत खान) सुमेरपुर उपखंड मुख्यालय पर आज पशुपालन, गोपालन एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में उपखंड स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति, बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन और आमजन को मिलने वाली सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में पाली सरस डेयरी अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष रविकांत रावल, अनोपसिंह, पुनमसिंह, महेन्द्र माली सहित एसडीएम कालूराम कुम्हार, ईओ नरपत सिंह राजपुरोहित, तहसीलदार व नवनियुक्त तहसीलदार प्रतीक शर्मा एवं समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रमुख फैसले:
-
सफाई और सुशासन: नगरपालिका को निर्देश दिए गए कि सफाई व्यवस्था को वार्डवार सुदृढ़ करें और सफाई कार्मिकों की सूची सार्वजनिक कर समाचार पत्रों में प्रकाशित करवाई जाए। मानसून पूर्व नालों की सफाई और सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
-
अपराध नियंत्रण: पुलिस विभाग को नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाने, अवैध बजरी खनन रोकने और रात में गश्त बढ़ाकर चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने हेतु निर्देशित किया गया।
-
बिजली और पानी: विद्युत विभाग को झूलते तारों को ठीक करने व नए जीएसएस हेतु भूमि आवंटन की प्रक्रिया तेज करने तथा जलदाय विभाग को हैण्डपम्प व ट्यूबवैल की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए।
-
स्वास्थ्य सेवाएँ: उपजिला अस्पताल के भवन निर्माण में तेजी लाने, डायलिसिस मशीन की स्थापना और ट्रोमा सेंटर हेतु भूमि आवंटन की समीक्षा की गई। साथ ही चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु औचक निरीक्षण की बात कही गई।
-
सामाजिक सुरक्षा: किसान सम्मान निधि और खाद्य सुरक्षा के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को पाबंद किया गया।
मंत्री का संदेश
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि— "आमजन को पारदर्शी और सुलभ सेवाएँ देना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें ताकि बजट घोषणाओं का लाभ धरातल पर समयबद्ध तरीके से पात्र व्यक्ति तक पहुँच सके।"

