अलवर में अतिक्रमण और नो-पार्किंग पर कार्रवाई, 10 बाइक जब्त
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नगर निगम व यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को शहर के व्यस्त इलाकों में सख्ती दिखाई। अभियान के तहत घंटाघर, काशीराम चौराहा और रोड नंबर 2 क्षेत्र में नो-पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाया और कई वाहनों को जब्त कर चालान किया। इसके साथ ही यातायात पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाकर दस मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया, जिनमें अवैध रूप से पटाखे छोड़ने वाले साइलेंसर लगे हुए थे। पुलिस ने बताया कि ऐसे साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि आमजन के लिए असुविधा और खतरा भी पैदा करते हैं।
यातायात प्रभारी संजय शर्मा ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा न करें और अपने वाहनों में अवैध बदलाव से बचें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं नगर निगम द्वारा बाजार में अतिक्रमण पर निगम की सख्ती
अलवर शहर में बढ़ते अतिक्रमण को देखते हुए नगर निगम निरीक्षक निशा लखानी ने अपनी टीम के साथ सख्त कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर रखा सामान जब्त किया गया।


