जिला कलेक्टर ने किया रैणी सीएचसी का औचक निरीक्षण; निर्माण कार्य 10 दिन में पूर्ण करने के निर्देश
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) | जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने रैणी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बीपीएचयू (BPHU) के निर्माणाधीन भवन को आगामी 10 दिनों के भीतर पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रीय जनता को सभी जांच सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकें।
-
स्वास्थ्य सेवाएं: कलेक्टर ने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को देखा। कमियां पाए जाने पर सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा और बीसीएमओ डॉ. रामस्वरूप मीना को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
-
गर्मी के लिए सतर्कता: आगामी भीषण गर्मी को देखते हुए अस्पताल में शीतल पेयजल और लू-तापघात से बचाव के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।
-
खेल मैदान का मुद्दा: निरीक्षण के दौरान स्थानीय खिलाड़ियों ने खेल मैदान की समस्याओं से अवगत कराया। जिस पर कलेक्टर ने विकास अधिकारी (BDO) को समस्या का त्वरित निराकरण करने हेतु पाबंद किया।
कलेक्टर शुक्ला ने स्पष्ट किया कि चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम हरकेश मीना, तहसीलदार कैलाश मेहरा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।


