होटल मैनेजर पर एक महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप टहला थाने मे मामला दर्ज; आरोपी की तलाश जारी
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजगढ़ उपखंड के टहला थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक होटल मैनेजर द्वारा काम के सिलसिले में आई एक विधवा महिला के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, वह 17 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 8 बजे काम की तलाश में क्षेत्र के एक होटल में गई थी। आरोप है कि दोपहर करीब 12:25 बजे होटल के मैनेजर ने सूनापन पाकर महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पीड़िता को किसी को भी इस बारे में बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़िता ने साहस दिखाते हुए टहला थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरोपी होटल मैनेजर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(i) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और होटल के अन्य कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
टहला थाना पुलिस का कहना है मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच की निष्पक्ष जांच जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


