डीग में जिला ब्राह्मण समाज द्वारा निकाली गई भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा
डीग (नीरज जैन) डीग में भगवान विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज जिला डीग द्वारा बैंड-बाजों और भगवान परशुराम के जीवन दर्शन पर आधारित आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसे राधावल्लभ जी मंदिर से विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान परशुराम केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि सत्य, साहस और धर्म की रक्षा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि परशुराम जी ने अन्याय और अत्याचार के खिलाफ खड़े होकर समाज को न्याय का मार्ग दिखाया, जो आज भी हर व्यक्ति के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की आवश्यकता है, ताकि समाज में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और एकता को मजबूत किया जा सके। डॉ. सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
शोभा यात्रा में ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष रमेश लवानिया, लक्ष्मण मंदिर के महंत पंडित मुरारी लाल पाराशर, मोहन स्वरूप पाराशर,रमाकांत शर्मा, हरि कृष्ण शर्मा, सोहनलाल शर्मा,रूप किशोर मुद्गल, हरिशंकर शर्मा पार्षद राहुल लवानिया, प्रदीप शर्मा बंटू, डॉ सुरेश लवानिया, चंद्रभान शर्मा, जितेंद्र पाराशर,डॉ सुरेश लवानिया , डॉ प्रगीत मुद्गल ,शुभम उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग शामिल थे।


