पर्यावरण प्रेमी सुनील कुमार शर्मा ने नन्दी अभ्यारण में पौधरोपण कर मनाया जन्मदिन; इस वर्ष 31,000 पौधे लगाने का लक्ष्य
नारायणपुर (नारायणपुर)। श्री कृष्णा शिक्षा एवं ग्रामीण विकास समिति के संस्थापक एवं सचिव सुनील कुमार शर्मा ने अपना जन्मदिन भारत के पहले नन्दी अभ्यारण (जय बाबा गरीबदास नन्दीशाला, खरकड़ी खुर्द) में बेहद सादगी और सेवा भाव के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया और पक्षियों के लिए परिंडे बांधे।
नील कुमार शर्मा ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में जेसीबी की सहायता से गड्ढे खुदवाकर तथा केंचुआ खाद डालकर 11 पौधे (5 बरगद और 6 गूलर) रोपित किए। पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन पर नाम प्लेट सहित ट्री गार्ड भी लगाए गए। शर्मा ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में उनकी संस्था का लक्ष्य विभिन्न सार्वजनिक, धार्मिक और शैक्षणिक स्थानों पर 31,000 छायादार एवं फलदार पौधे लगाने का है।
भीषण गर्मी को देखते हुए जीव-दया के संकल्प के साथ नन्दीशाला परिसर में पक्षियों के लिए 11 शीतल जल के परिंडे लगाए गए। साथ ही, नन्दियों और गौ माता को दलिया खिलाकर सेवा कार्य किया गया। संस्था के मुख्य प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य अशोक सोनी ने बताया कि सुनील कुमार शर्मा अब तक विभिन्न स्थानों पर 15,000 से अधिक पौधे लगा चुके हैं, जो आज क्षेत्र में 'ऑक्सीजन बैंक' के रूप में पर्यावरण को शुद्ध कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान संस्था अध्यक्ष महेश चंद सैनी और अन्य सदस्यों ने मिठाई खिलाकर शर्मा को बधाई दी। अध्यक्ष सैनी ने समाज से अपील की कि हर व्यक्ति को सुनील जी से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
इस दौरान संस्था अध्यक्ष महेश चंद सैनी, अशोक सोनी, सामाजिक कार्यकर्ता योगेश कुमार शुक्ला, पंडित जय नारायण जेके महाराज, केशव शर्मा, सुल्तान धाबाईं और करणसिंह सहित कई गणमान्य नागरिक एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। सोशल मीडिया के माध्यम से भी दिनभर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।


