टहला: 200 फुट गहरे कुएं में गिरने से युवक की मौत; SDRF ने 8 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाला शव
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता)। टहला थाना क्षेत्र के मंडावरी स्थित हल्कारा का बास गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ एक 22 वर्षीय युवक की करीब 200 फुट गहरे कुएं में गिरने से असामयिक मृत्यु हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुँची टहला थाना पुलिस और प्रशासन ने आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ (SDRF) की मदद से शव को बाहर निकाला।
- स्थानीय प्रयासों के बाद बुलाई गई एसडीआरएफ
टहला थानाधिकारी मुकेश मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रामौतार मीणा (22) पुत्र फैलीराम मीणा निवासी मंडावरी अचानक कुएं में गिर गया है। थानाधिकारी जाप्ते के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय स्तर पर शव को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन कुएं की गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके पश्चात जिला मुख्यालय से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
- 8 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन मौके पर
पहुँची एसडीआरएफ की टीम ने आधुनिक उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब आठ घंटे की भारी मशक्कत के बाद टीम ने शव को 200 फुट गहरे कुएं से बाहर निकालने में सफलता हासिल की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचाया।
सोमवार को राजगढ़ सीएचसी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। इस संबंध में मृतक के परिजन रामफूल मीणा ने थाने में लिखित रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।


