गोविंदगढ़ के तीन गांव में चोरी:बोलेरो सवार ने 10 पशु चुराए, सुबह 2 से 4 बजे के बीच दिया वारदात को अंजाम
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में बोलेरो सवार बदमाशों ने तीन गांवों से 10 पशु चुरा लिए। यह घटना देर रात करीब 2 से 4 बजे के बीच हुई, जब ग्रामीण गहरी नींद में सो रहे थे। बदमाशों ने घरों के बाहर और बाड़ों में बंधे पशुओं को निशाना बनाया।
- तीन गांवों में दिया चोरी की वारदात को अंजाम
चोरी की यह वारदात गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के बंधेड़ी, पथरोडा और सैमली दिलावर गांवों में हुई। बंधेड़ी में इलियास के घर से 2 बकरियां, अब्दुल का 1 बकरा और बच्चू सिंह की 2 बकरियां चोरी हुईं। पथरोडा गांव से मिश्रु जोगी के 2 बकरे और 1 बकरी चुराई गई। इसी तरह, सैमली दिलावर में कमल सिंह के घर से भी 2 बकरियां चोर उठा ले गए।
- पीड़ित ने जाते देखी बोलेरो गाड़ी
बंधेड़ी निवासी इलियास ने बताया- सुबह 3:30 बजे उन्हें घर के बाहर कुछ आहट सुनाई दी। बाहर निकलने पर उन्होंने एक बोलेरो गाड़ी को तेजी से जाते देखा। जांच करने पर पता चला कि उनकी दो बकरियां गायब थीं। इलियास ने हिम्मत दिखाकर गाड़ी का पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार बोलेरो जालूकी की तरफ भागने में सफल रही।
इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी रोष है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि ये पशु उनकी मेहनत की कमाई और घर के पालन-पोषण का जरिया थे। सभी पीड़ितों ने गोविंदगढ़ थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने तथा पशुओं को बरामद करने की मांग की है।


