मुंडावर में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष; एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर घायल
मुंडावर ( खैरथल-तिजारा/ अनिल गुप्ता)। जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव माजरी खोला में पुश्तैनी जमीन के विवाद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार के दो गुटों के बीच हुए इस खूनी संघर्ष में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत चिंताजनक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद अलवर जिला अस्पताल रैफर किया गया है।
- कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से किया जानलेवा हमला
घायल साहिल यादव ने बताया कि उनके पिता भागीरथ यादव का अपने भाइयों के साथ पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि उनके ताऊ अशोक और उनके परिवार के करीब एक दर्जन लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। इस हमले में भागीरथ यादव, उनकी पत्नी मंजू देवी और बेटा साहिल यादव लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े।
- जबरन कब्जे की कोशिश का आरोप
पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे जमीन के कानूनी हिस्सेदार हैं, लेकिन दूसरा पक्ष बाहुबल के दम पर जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहता है। विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने महिलाओं और बच्चों तक को नहीं बख्शा।
घटना की सूचना मिलते ही मुंडावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


