विधायक जाकिर हुसैन गैसावत के पारिवारिक विवाह समारोह में उमड़ा जनसैलाब, राज्यपाल और पूर्व मुख्यमंत्री ने कि शिरकत
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। मारवाड़ की प्रसिद्ध संगमरमर नगरी मकराना में रविवार को एक भव्य विवाह समारोह का आयोजन हुआ, जो राजनीतिक दिग्गजों के जमावड़े का केंद्र बन गया। मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत के भतीजों के निकाह के अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित सत्ता व विपक्ष के कई बड़े नेता आशीर्वाद देने पहुंचे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, महामहिम राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मंगलाना रोड स्थित हसीना गार्डन पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर विधायक जाकिर हुसैन गैसावत और उनके परिजनों ने महामहिम की अगवानी की और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राज्यपाल ने नवविवाहित जोड़ों को पुष्पगुच्छ भेंट किए और उनके सुखद एवं उज्जवल दांपत्य जीवन की मंगलकामना की।
वहीं, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी इस समारोह में शामिल होने मकराना पहुंचे। गहलोत के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। उन्होंने दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया और परिवार को बधाई देते हुए क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की।
समारोह में राजस्थान सरकार के कैबिनेट स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर भी पहुंचे, जिनका विधायक द्वारा अभिनंदन किया गया। इनके अलावा समारोह में दिग्गजों की लंबी फेहरिस्त नजर आई, जिनमें प्रमुख रूप से राजपूत नेता भंवर सिंह पलाड़ा, विधायक रफीक खान, विधायक अनीता जाटव, पूर्व विधायक महेंद्र चौधरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, आरएलपी सुप्रीमो व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वहीं सोमवार को नेता प्रतिपक्ष ठीकराम जुली सहित अन्य नेताओं ने भी विवाह कार्यक्रम में शिरकत कि। इतनी बड़ी संख्या में वीआईपी मूवमेंट और आमजन की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और प्रशासन के आला अधिकारी खुद मौके पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे थे। पूरे समारोह के दौरान हसीना गार्डन का माहौल उत्साह, खुशी और अपनत्व से भरा नजर आया। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने इस वैवाहिक उत्सव में शिरकत की और इसे एक यादगार आयोजन बना दिया।


