दहशत: 8 साल की बच्ची पर कुत्ते ने किया हमला, आंख के पास चोट के निशान, अलवर में इलाज जारी
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के सिरमौर गांव में मंगलवार देर शाम एक कुत्ते ने 8 वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे, आंख के पास, गर्दन, पेट और कमर पर कई जगह काटा।
- लाठियों से कुत्ते को भगाया
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठियों की मदद से कुत्ते को भगाया और घायल बच्ची को तुरंत रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर रेफर कर दिया गया।
बच्ची के पिता संजय कुमार ने बताया कि उनकी बेटी अनुष्का अपनी चचेरी बहन के साथ सेठ माता के स्थान के पास खेलने जा रही थी। इसी दौरान खेतों की ओर से आए एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। अनुष्का का अलवर में इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
- प्रशासनिक सुस्ती से बढ़ रहा खतरा
गौरतलब है कि बीते रविवार को ही पास के इंदपुर गांव में भी एक कुत्ते ने करीब सात-आठ लोगों को काटकर घायल कर दिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद प्रशासन या संबंधित विभाग द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
ग्रामीणों की मांग है कि खूंखार हो चुके इन कुत्तों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। डर के मारे ग्रामीणों ने बच्चों को घर से बाहर भेजना बंद कर दिया है।


