पशुओं के लिए चारा लेने निकली महिला की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत
अलवर/ अनिल कुमार गुप्ता
अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ रेलवे लाइन पार कर रही एक 40 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे झाड़ोली गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झाड़ोली गाँव की रहने वाली मृतका किसनदेई अपने पालतू पशुओं के लिए खेत से चारा लाने घर से निकली थीं। खेत जाने वाले रास्ते में उन्हें रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है। रोज़ की तरह जब वह पटरी पार कर रही थीं, तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रेन आ गई। जब तक महिला खुद को संभाल पाती या ट्रैक से हट पाती, तब तक ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर मची अफरा-तफरी:-
टक्कर इतनी भयानक थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़े और भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँची।
पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग दर्ज कर आगे की छानबीन शुरू कर दी है। इस अचानक हुए हादसे ने एक हँसते-खेलते परिवार को झकझोर कर रख दिया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

