अतिरिक्त मुख्य सचिव ने ली वन विभाग की संभाग स्तरीय बैठक; 'हरियालो राजस्थान' और 'पंच गौरव' कार्ययोजना पर दिया जोर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) अतिरिक्त मुख्य सचिव वन विभाग आनन्द कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक पवन कुमार उपाध्याय, मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के.सी. अरुण प्रसाद एवं मुख्य वन संरक्षक पी. कथिरवेल जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहे जहां उन्होंने भरतपुर सम्भाग के अधीन विभिन्न वनमण्डलों के उप वन संरक्षकगणों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की तथा विकास कार्यों का मौका निरीक्षण किया।
समीक्षा बैठक में वर्ष 2025-26 में प्राप्त लक्ष्यों की समीक्षा तथा वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों एवं कार्ययोजना, विशेषकर हरियालो राजस्थान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पंच गौरव कार्य योजना की भी समीक्षा की गई तथा वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी विकास कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को समय पर दी जाए ताकि समन्वय एवं पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने बजट घोषणाओं से संबंधित कार्ययोजना एवं उसके त्वरित क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों द्वारा यह भी निर्देश दिए गए कि वन मित्रों के पुराने पंजीकरण के नवीनीकरण की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए तथा नए वन मित्रों का पंजीकरण भी समयबद्ध रूप से किया जाए। वन्यजीव रेस्क्यू के संबंध में यह स्पष्ट निर्देश दिए गए कि 1926 पर कॉल प्राप्त होते ही तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के उपरांत भरतपुर जिले के बाँध बरेठा में प्रस्तावित जैविक उद्यान स्थल का निरीक्षण किया गया, जहां आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्थल विकास, पर्यावरणीय संतुलन, सुविधा विस्तार एवं योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस अवसर पर भरतपुर सम्भाग के सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


