ओम शिव गौशाला पचलंगी में जीव सेवा का संकल्प; गौ-स्वामणी के साथ पक्षियों के लिए लगाए परिंडे
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। उदयपुरवाटी उपखंड के पचलंगी गांव स्थित ओम शिव गौशाला में बुधवार को जीव सेवा और परोपकार का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। नया कुआं (करोठ वाले) निवासी रोहिताश यादव पुत्र स्वर्गीय परताराम यादव ने ग्रीष्म ऋतु के आगमन पर पक्षियों के लिए परिंडे लगाए और गौ माताओं के लिए भव्य स्वामणी का आयोजन किया।
यादव परिवार द्वारा गौशाला परिसर में गौ माताओं को स्वामणी का विशेष प्रसाद खिलाकर धार्मिक अनुष्ठान किया गया। साथ ही, भीषण गर्मी को देखते हुए परिसर के पेड़ों और विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के शीतल जल हेतु परिंडे बांधे गए।
इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी और गौशाला संरक्षक मदनलाल भंवरिया ने कहा कि परोपकार से बड़ा कोई धर्म नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा, "गौ माता के रोम-रोम में देवताओं का वास होता है। बेजुबान जीवों और गौ माता की सेवा करने से न केवल जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है, बल्कि व्यक्ति प्राकृतिक आपदाओं से भी सुरक्षित रहता है।" उन्होंने युवाओं से भी जीव सेवा के इस मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस सेवा कार्य के दौरान रामेश्वर लाल यादव, महेंद्र तेतरवाल, लक्ष्मण कुड़ी सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण और गौ-भक्त उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने यादव परिवार द्वारा किए गए इस पुनीत कार्य की सराहना की।


