आस्था और उमंग के साथ सम्पन्न हुआ वराडा हनुमानजी का भव्य मेला; भीषण गर्मी पर भारी पड़ी श्रद्धालुओं की भक्ति
सिरोही (रमेश सुथार) वराडा कस्बे में बुधवार को हनुमानजी का भव्य मेला श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ सम्पन्न हुआ। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मेले में हाट-बाजार, झूले, खिलौनों, मिठाई व आइसक्रीम की दुकानों ने रौनक बढ़ा दी।
कमेटी के गिरधारी लाल पुरोहित ने बताया कि सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना एवं महाआरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ध्वजारोहण किया गया। फल-चुंदड़ी चढ़ाकर बाल भोग एवं प्रसादी अर्पित की गई, जिसके बाद प्रसादी वितरण किया गया।
सुबह भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। केसरिया साफा पहने युवाओं और गूंजते जयकारों ने पूरे माहौल को भगवामय बना दिया।
गर्मी को देखते हुए कमेटी द्वारा व ग्रामीणौ ने जगह-जगह पांडाल, पानी और छाया की विशेष व्यवस्था की गई। ठंडे पेयजल की सुविधा से श्रद्धालुओं को राहत मिली। अलग-अलग समाजों के पांडालों में बैठकर लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।
मेले में स्थानीय व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर सेवा कार्य में सहयोग दिया। बाहर से आए व्यापारियों द्वारा हाट-बाजार सजाया गया, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया और कुल्फी-आइसक्रीम का लुत्फ उठाया।
दिन में आयोजित भजन संध्या में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भजनों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
यह आयोजन वराडा निवासी राजपुरोहित गलबाजी सुपुत्र राजाजी रायगुर एवं उनके परिवार—डायालाल, चुन्नीलाल, कैलाश, मनोज, किशोर व श्रवण—की ओर से लाभार्थी के रूप में किया गया। कमेटी द्वारा सहयोगियों का सम्मान भी किया गया।
मेले में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा, जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, भाजपा नेता छगन घांची, प्रधान हंसमुख मेघवाल, गोविंद पुरोहित एवं कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शैतान सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की।
भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। हनुमानजी के जयघोष, उड़ते गुलाल और आस्था से सराबोर माहौल ने मेले को यादगार बना दिया।पुलिस प्रशासन का भी अच्छा सहयोग रहा


