धौलागढ़ देवी थाना पुलिस ने साइबर ठगी पर की बड़ी कार्रवाई: म्यूल अकाउंट धारक किया गिरफ्तार
अलवर (दिनेश लेखी)। अलवर जिला पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष “साइबर संग्राम अभियान 2.0” के अंतर्गत धौलागढ़ देवी थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट (किराए के बैंक खाते) के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
थाना प्रभारी रामजी लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर पोर्टल, 1930 हेल्पलाइन और समन्वय पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के बाद आरोपी मदन लाल मीणा उर्फ भूरा (35), निवासी बेसर पायसा (भनोखर) को चिन्हित कर गिरफ्तार किया।
आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2), 61(2), 112(2) एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों का पता लगाया जा सके।
थानाधिकारी ने आमजन से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने बैंक खाते या सिम कार्ड किसी अज्ञात व्यक्ति को किराए पर न दें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में बिना समय गंवाए तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं, ताकि ठगी गई राशि को समय रहते फ्रीज कराया जा सके।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थानाधिकारी रामजीलाल के नेतृत्व में ब्रजमोहन (एसआई), ब्रजपाल (हेड कांस्टेबल), सुरेश (कांस्टेबल) और विशेष कांस्टेबल की सराहनीय भूमिका रही।


