मकराना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार के साथ एक गिरफ्तार, तीन साल से विदेश में फरार दहेज प्रताड़ना का आरोपी भी दबोचा
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस ने एसपी श्रीमती ऋचा तोमर (IPS) के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध कड़ा अभियान छेड़ते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक आरोपी को अवैध बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है, वहीं दहेज प्रताड़ना के मामले में तीन साल से विदेश में फरारी काट रहे एक उद्घोषित अपराधी को लुकआउट नोटिस के जरिए एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई: अवैध हथियार के साथ अमचु बनबागरिया गिरफ्तार
थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अमचु पुत्र राजू बनबागरिया (35 वर्ष), निवासी सफेद बड़ी को गिरफ्तार किया है। 18 अप्रैल 2026 को सहायक उप निरीक्षक बलवीर कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि सीकेएस अस्पताल की तरफ एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर जा रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके पास से एक अवैध इकनाली बंदूक बरामद की। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई: 3 साल से विदेश में फरार अपराधी चढ़ा हत्थे
पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के एक पुराने मामले (2023) में फरार चल रहे आरोपी रिछपाल मेघवाल पुत्र भोमाराम (36 वर्ष), निवासी देवराठी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी विदेश भाग गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करवाया था। जैसे ही आरोपी भारत वापस लौटा, उसे अहमदाबाद एयरपोर्ट से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (परबतसर) नेमीचन्द खारिया और वृत्ताधिकारी (मकराना) विक्की नागपाल के सुपरविजन में पुलिस टीम कि अहम भूमिका रही।


