मकराना प्रधान सुमीता भींचर ने राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से की शिष्टाचार भेंट, क्षेत्र के विकास और आधारभूत सुविधाओं पर हुई चर्चा
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। जयपुर प्रवास के दौरान मकराना की प्रधान एवं भाजपा प्रत्याशी सुमीता भींचर ने राजस्थान लोक भवन में प्रदेश के माननीय राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल महोदय का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया और उनका आशीर्वाद लिया।
राज्यपाल से हुई इस विशेष मुलाकात के दौरान सुमीता भींचर ने मकराना विधानसभा क्षेत्र के विकास, मूलभूत व आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा आमजन से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र की तात्कालिक आवश्यकताओं और विकास कार्यों के रोडमैप से राज्यपाल महोदय को अवगत कराया। मुलाकात के दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने जनसेवा, राष्ट्रहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अपने अनुभव व विचार साझा किए।
उन्होंने मकराना क्षेत्र में सकारात्मक और जनहितैषी कार्यों को गति देने के लिए प्रेरित करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इस शिष्टाचार मुलाकात के अवसर पर मकराना के पूर्व विधायक श्रीराम भींचर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी मकराना क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य को लेकर चर्चा की। राज्यपाल से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और आमजन में हर्ष का माहौल है।
सुमीता भींचर, प्रधान व भाजपा प्रत्याशी, मकराना का कहना है कि- "माननीय राज्यपाल महोदय का समृद्ध अनुभव और मार्गदर्शन मकराना क्षेत्र के विकास कार्यों को एक नई दिशा प्रदान करेगा। जनसेवा के संकल्प के साथ हम क्षेत्र की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।"


