दिल्ली में आईआरएस की बेटी की हत्या और अलवर के राजगढ़ में दुष्कर्म के आरोपी की तलाश; आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की चार टीम पहुंची अलवर
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) दिल्ली की अमर कॉलोनी में रहने वाले आईआरएस अधिकारी की बेटी की मोबाइक केवल से घोटकर हत्या के आरोपी की पहचान हो चुकी है। आरोपी अलवर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी ने हत्या से कुछ घंटे पहले अपने गांव के पड़ोस में रहने वाली एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। उसके बाद वो भाग कर दिल्ली चला गया।
इस मामले में पीड़िता ने पुलिस को मामले की लिखित शिकायत दी। जिसके आधार पर राजगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस की 4 टीम आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए अलवर पहुंच चुकी है। दिल्ली पुलिस और अलवर पुलिस की टीम ने इस मामले में आरोपी के पिता, दोस्तों व कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
दिल्ली के साउथ ईस्ट इलाके के अमर कॉलोनी में बुधवार सुबह 22 वर्षीय युवती का शव उसके घर में मिला था। वो एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी की बेटी थी और घटना के समय उसके माता-पिता जिम गए थे। इस दौरान पीछे से घर में काम करने वाले युवक ने उसकी मोबाइल केबल से गला दबाकर हत्या कर दी।
इस दौरान मृतका से दुष्कर्म का मामला भी सामने आ रहा है। इस मामले में आरोपी की पहचान अलवर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी के रूप में हुई है। आरोपी की पहचान होते ही उसको गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली पुलिस की 4 टीम अलवर के राजगढ़ पहुंची है।
अलवर पुलिस के साथ मिलकर अलग-अलग जगह पर पुलिस टीम में दबिश दे रही है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के पिता व दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और लगातार उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने दिल्ली में घटना को अंजाम देने से पहले अपने पड़ोस में रहने वाली एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था और उसके बाद वो दिल्ली फरार हो गया था।
पड़ोस में रहने वाली महिला ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। उसके बाद परिजनों ने मामले की लिखित शिकायत राजगढ़ थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है। राजगढ़ के महिला अस्पताल में पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है।
मामले की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी सहित पुलिस के तमाम उच्च अधिकारी राजगढ़ पहुंच चुके है और लगातार आरोपों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि आरोपी और दुष्कर्म पीड़िता महिला पहले से संपर्क में थे। पीड़िता का पति और आरोपी ऑनलाइन लूडो खेलते थे और दोनों लूडो खेलने के आदि थे। जब पीड़िता के पति व परिवार के लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से गए, तो इस दौरान पीछे से आरोपी घर में आया और उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। अलवर पुलिस, दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर दोनों मामलों को जोड़ते हुए जांच कर रही है और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।


