कन्या महाविद्यालय टपूकड़ा में "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" तथा टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत हुआ कार्यक्रम का आयोजन
खैरथल (हीरालाल भूरानी) कन्या महाविद्यालय टपूकड़ा परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत भारतीय सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय सोमनाथ का इतिहास एवं उसकी गौरव गाथा रहा, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर निबंध, एवं व्याख्यान का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व, उसके बार-बार पुनर्निर्माण और भारतीय आस्था के प्रतीक के रूप में उसकी भूमिका को अपने-अपने विचारों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम प्रभारी ने छात्राओं की रचनात्मकता और ज्ञान की सराहना की।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में “ टीबी मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत एक जागरूकता शपथ समारोह आयोजित किया गया। छात्राओं ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे टीबी के प्रति जागरूकता फैलाएँगी, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व को समझेंगी तथा समाज को इस बीमारी से मुक्त बनाने में अपना योगदान देंगी।
महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल इतिहास के प्रति सम्मान को बढ़ाते हैं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी बोध कराते हैं। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उमा शर्मा ने कार्यक्रम के सफलता पूर्वक आयोजन हेतु सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया ।


