हृदय सम्राट बाबा हरदेव सिंह को अर्पित समर्पण दिवस; एक को जानो, एक को मानो, एक हो जाओ' के संदेश को करेंगे याद
खैरथल/अलवर (हीरालाल भूरानी)। संत निरंकारी मिशन के पूर्व आध्यात्मिक प्रमुख, मानवता के मसीहा बाबा हरदेव सिंह जी की पावन स्मृति में बुधवार, 13 मई 2026 को 'समर्पण दिवस' श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। अलवर स्थित निरंकारी सत्संग भवन पर जिला संयोजक सोमनाथ जी की अध्यक्षता में रात्रि 7:00 से 9:00 बजे तक विशेष सत्संग कार्यक्रम आयोजित होगा।
- मानवीय संवेदनाओं के प्रतीक थे बाबा हरदेव सिंह
संत निरंकारी मंडल अलवर के मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के अमृत खत्री ने बताया कि बाबा हरदेव सिंह जी केवल एक आध्यात्मिक गुरु ही नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा और शिष्टता के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने विश्व को संदेश दिया कि सच्चा जीवन वही है जो प्रेम, सेवा, सह-अस्तित्व और समर्पण से परिपूर्ण हो। समर्पण दिवस उनके इसी दिव्य जीवन दर्शन को आत्मसात करने का पावन अवसर है।
- समालखा (हरियाणा) में होगा मुख्य आयोजन
समर्पण दिवस का मुख्य और विशाल आयोजन सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं श्रद्धेय निरंकारी राज पिता जी के पावन सानिध्य में संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल, समालखा (हरियाणा) में आयोजित किया जाएगा। बुधवार शाम 5:30 से रात्रि 9:00 बजे तक चलने वाले इस विशाल समागम में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु जुटेंगे और बाबा जी द्वारा दिए गए "एकत्व में सद्भाव" तथा "वसुधैव कुटुंबकम" के संदेशों को याद करेंगे।
- विचारों और कविताओं से अर्पित करेंगे पुष्प
अलवर के स्थानीय सत्संग में श्रद्धालु भाई-बहन बाबा जी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए अपने विचारों, भजनों और कविताओं के माध्यम से उन्हें समर्पण के पुष्प अर्पित करेंगे। वर्तमान में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज बाबा जी की इसी दिव्य परंपरा और आध्यात्मिक चेतना को जन-जन तक पहुँचा रही हैं।


