मुंडावर में सर्राफा व्यापारी से ठगी नकली सोने के आभूषण देखें असली जेवर ले गए ठग
मुंडावर (देवराज मीणा) मुंडावर थाना क्षेत्र के ग्राम पेहल निवासी एक सर्राफा व्यापारी के साथ दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में मुंडावर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता जितेन्द्र कुमार पुत्र राजेन्द्र सुनारने बताया कि बुधवार सुबह करीब 9:14 बजे उसकी दुकान पर दो युवक आए और सोने के आभूषण दिखाने की बात कही। आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने पहले सोने के आभूषण बेचने का झांसा दिया तथा उनकी कीमत करीब 98 हजार रुपये बताई।
पीड़ित के अनुसार, बातचीत के दौरान आरोपियों ने चालाकी से असली सोने के आभूषणों के बदले नकली आभूषण थमा दिए और मौके से फरार हो गए। कुछ समय बाद जब आभूषणों की जांच की गई तो उनके नकली होने का पता चला।
घटना का आभास होने पर व्यापारी ने दोनों व्यक्तियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे ने हेलमेट पहन रखा था।
पीड़ित ने मुंडावर थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


