नौवें दिन भी सफाई कार्मिकों का अनिश्चितकालीन कार्य का बहिष्कार जारी; की नारेबाजी प्रदर्शन
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) वाल्मीकि सेना के नेतृत्व में नगरपालिका राजगढ़ के ठेका सफाई कर्मचारियों ने आठ सूत्रीय मांगों को लेकर कार्य का बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन आंदोलन का नौवां दिन हैं। सफाई कार्मिकों ने कस्बे के मुख्य मार्गों पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए सफाई कार्मिक रैली के रूप में हाथों में झाड़ू लेकर कस्बे के गोल सर्किल से शुरू सराय बाजार, मेला का चौराहा होते पंचायत समिति पहुंचे।
इस दौरान तहसील परिसर के सामने बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। रमन निदानिया व सीमा देवी ने बताया कि नगरपालिका राजगढ़ के ठेका सफाई कर्मचारियों को समय पर नियमित भुगतान नहीं मिल रहा हैं और ना ही सफाई कर्मचारियों को न्यूनतम मजदूरी मिल रही हैं। ईपीएफ ईएसआईसी गत एक वर्ष से नहीं मिल रहा हैं और ना ही साप्ताहिक अवकाश दिया जा रहा हैं। जो सवैतनिक साप्ताहिक अवकाश कर्मचारियों का अधिकार हैं। नगरपालिका में कार्यरत गैर वाल्मीकि सफाई कर्मचारियों को उनके मूल कार्य पर लगाया जाए। ठेका प्रथा को बंद किया जाए तथा सभी सफाई कर्मचारियों को संविदा पर लिया जावें।
केन्द्र सरकार के नए आदेशानुसार अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 783 रूपये दी जाए। उक्त मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई। जिसके विरोध में ठेका कर्मचारियों में बुधवार को नौवे दिन कार्य का बहिष्कार कर नारेबाजी व प्रदर्शन किया। जहां नगरपालिका के विरूद्ध जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर सैकड़ो महिला-पुरुष सफाई ठेका कार्मिक मौजूद रहें। सफाई कार्य बंद रहने के कारण गली-मौहल्लों में जगह-जगह कूडे़-कचरे के ढेर लगे हुए हैं तथा नालियां कीचड़ से अटी हुई पड़ी हुई हैं।


