रामगढ़ के अलवर-दिल्ली हाईवे पर कार और कैंट्रा में भिड़ंत, एक घायल; कैंट्रा ड्राइवर फरार, पुलिस ने सुचारु कराया यातायात
रामगढ़ (अलवर) रामगढ़ में शुक्रवार दोपहर अलवर-दिल्ली हाईवे पर सतीजा मैरिज होम के पास एक कार और कैंट्रा (आइसर) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कार ड्राइवर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कैंट्रा ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे तेज रफ्तार से आ रहे दोनों गाड़ियां भिड़ गई। आस-पास के लोगों ने धमाके जैसी आवाज सुनी। टक्कर के कारण कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि कैंट्रा का कंडक्टर साइड भी क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत कार में फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला और उसे रामगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान घायल ड्राइवर ने पसलियों में तेज दर्द की शिकायत की। डॉक्टर्स ने उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर जांच और उपचार के लिए अलवर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एएसआई विजय सिंह गुर्जर पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारु करवाया। बाद में दोनों वाहनों को जब्त कर रामगढ़ थाने ले जाया गया।
एएसआई विजय सिंह गुर्जर ने बताया कि घायल कार ड्राइवर की पहचान हरियाणा निवासी इलियास पुत्र अब्दुल गफूर के रूप में हुई है। उन्हें हल्की चोटें आई थीं, लेकिन पसलियों में दर्द के कारण अलवर रेफर किया गया। उन्होंने ये भी बताया कि वाहन चालक की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब फरार कैंट्रा ड्राइवर की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने तत्परता से सामान्य करवा दिया।


