ऊर्जा बचाओ और स्वदेशी अपनाओ के संकल्प के साथ संपन्न हुआ स्वदेशी जागरण मंच का जिला विचार वर्ग
सीकर (सुमेर सिंह राव ) स्वदेशी जागरण मंच, सीकर द्वारा जिला विचार वर्ग कार्यक्रम का आयोजन संघ कार्यालय, रामलीला मैदान, सीकर में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय "ऊर्जा बचाओ और स्वदेशी अपनाओ" रहा। इस अवसर पर स्वदेशी जीवन पद्धति को अपनाने तथा ऊर्जा संरक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संघ प्रचारक पंकज सैनी ने कहा कि ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग वर्तमान समय की आवश्यकता है। ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक बचत का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा स्थानीय उद्योगों और उद्यमों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
निर्मल विभाग संयोजक ने स्वदेशी जागरण मंच के मूल विचार "स्वदेशी से स्वावलंबन, स्वावलंबन से राष्ट्र और समृद्धि से राष्ट्र निर्माण" को समाज के समक्ष रखते हुए कहा कि आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का निर्माण तभी संभव है, जब हम स्वदेशी विचार और स्वदेशी उत्पादों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएँ।
जिला विचार वर्ग में संगठन के कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रहित, आर्थिक स्वावलंबन, ऊर्जा संरक्षण तथा स्वदेशी आधारित विकास मॉडल पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण और स्वदेशी चेतना को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प के साथ किया गया।


