कांग्रेस जिला अध्यक्ष में बड़े दाम वापिस लेने की मांग की; घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि आमजन पर आर्थिक बोझ- राजीव चौधरी
डीग (नीरज जैन) जिला कांग्रेस कमेटी डीग के अध्यक्ष राजीव चौधरी ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में केंद्र सरकार द्वारा की गई 29 रुपए की बढ़ोतरी की कड़ी निंदा करते हुए इसे आम जनता, विशेषकर मध्यम वर्ग एवं गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया है।
चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में लगातार बढ़ती महंगाई ने आमजन का जीवन कठिन बना दिया है। पहले से ही खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से जनता परेशान है, वहीं अब घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी ने गृहिणियों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों में रसोई गैस के दामों में लगातार वृद्धि हुई है। 7 मार्च 2026 को 60 रूपये तथा अब 7 जून 2026 को 29 रुपए की बढ़ोतरी कर केंद्र सरकार ने जनता की परेशानियों को और बढ़ाने का काम किया है। चुनावों के दौरान महंगाई कम करने के बड़े-बड़े वादे करने वाली भाजपा सरकार आज आम आदमी की मूलभूत आवश्यकताओं को भी महंगा कर रही है।
जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आमजन के हितों की आवाज़ उठाती रही है और भविष्य में भी बढ़ती महंगाई के खिलाफ जनता के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने तथा महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करने की मांग की।
रसोई गैस की बढ़ती कीमतें महिलाओं और परिवारों की रसोई पर सीधा हमला हैं। भाजपा सरकार को आम जनता की परेशानियों को समझते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।


