उदयपुरवाटी की बेटी मीनाक्षी विश्वास ने बढ़ाया मान: 'मिसेज राजस्थान 2026' की रनर-अप बनने पर कस्बे में डीजे की धुन और आतिशबाजी के साथ हुआ ऐतिहासिक स्वागत
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। शेखावाटी की प्रतिभाएं आज हर क्षेत्र में अपनी कामयाबी का परचम लहरा रही हैं। इसी कड़ी में उदयपुरवाटी कस्बे के सावन वाले कुएं पर निवास करने वाले डॉ. तपन कुमार विश्वास की लाडली सुपुत्री मीनाक्षी विश्वास ने जयपुर में आयोजित प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता में 'मिसेज राजस्थान 2026 रनर-अप' का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर क्षेत्र का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है।
खिताब जीतने के बाद प्रथम बार जयपुर से अपने गृह नगर उदयपुरवाटी पहुंचीं मीनाक्षी विश्वास का कस्बे के नागरिकों, परिजनों और प्रबुद्धजनों ने ऐतिहासिक स्वागत किया। कस्बे के मुख्य चौराहे 'घूम चक्कर' से लेकर उनके पैतृक आवास तक स्थानीय लोगों ने डीजे की शानदार धुनों पर नाचते-गाते हुए एक भव्य स्वागत रैली निकाली। पूरे रास्ते में जगह-जगह मीनाक्षी का फूल-मालाओं, साफा और मिठाई खिलाकर जोरदार अभिनंदन किया गया।
- घर-परिवार सहित पूरे कस्बे में जश्न का माहौल:
मिसेज राजस्थान 2026 के इस कड़े और गौरवमयी सफर में शानदार सफलता हासिल करने के बाद मीनाक्षी के घर-परिवार में जहां उत्सव का माहौल है, वहीं पूरी उदयपुरवाटी की जनता इस कामयाबी से बेहद गौरवान्वित और आनंदित महसूस कर रही है। लोगों ने मीनाक्षी की इस उपलब्धि को नारी सशक्तिकरण और कस्बे के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया है।
- स्वागत के दौरान ये रहे उपस्थित:
इस ऐतिहासिक और हर्षोल्लास भरे क्षण के दौरान मीनाक्षी विश्वास के पिता डॉ. तपन कुमार विश्वास, माता सुजाता विश्वास और पति अभिजीत सिंह के चेहरे पर अपनी लाडली की सफलता की खुशी साफ झलक रही थी।
इसके साथ ही डॉ. तपन कुमार के अजीज मित्र मूलचंद सैनी, विनोद शर्मा, उषा शर्मा, नायना विश्वास, सुजाय विश्वास, दिया विश्वास, कौशल्या, आशा, सुनीता, मनीषा, गौरव, सजना, अनु, शालू सहित भारी संख्या में वार्डवासी, प्रबुद्ध नागरिक और कस्बे के युवा इस स्वागत समारोह के साक्षी बने और मीनाक्षी को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


