मकराना में 22 जुलाई को होगा मदरसा 'रज़ाए मुस्तफा' का भव्य उद्घाटन, सजेगी सुन्नी तालीमी कॉन्फ्रेंस
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। शहर के पलाड़ा रोड स्थित गली नंबर 3 (सुन्नी शाही मस्जिद के पास) में आगामी 22 जुलाई 2026 बुधवार को नव-निर्मित 'मदरसा रज़ाए मुस्तफा' का भव्य इफ़्तिताह (उद्घाटन) होने जा रहा है। इस मुकद्दस मौके पर एक शानदार 'एक रोजा सुन्नी तालीमी कॉन्फ्रेंस' का आयोजन किया गया है। मदरसे में दीनी व दुनियावी तालीम की शुरुआत के उपलक्ष्य में आयोजित यह जलसा बाद नमाज़-ए-इशा (रात्रि) शुरू होगा। जिसमें देश के प्रख्यात धार्मिक विद्वान (उलमा) शिरकत करेंगे। इस ऐतिहासिक कॉन्फ्रेंस में शिरकत करने के लिए देश और राज्य के कई नामचीन उलमा-ए-किराम और दानिशवर मकराना पहुँच रहे हैं। कॉफ्रेंस कि अध्यक्षता मौलाना अल्हाज मुफ्ती शमसुद्दीन कादरी करेंगे। मुख्य वक्ता सुन्नी दावते इस्लामी, मालेगाँव (महाराष्ट्र) के निगरां और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वक्ता हजरत अल्लामा सय्यद अमीनुल कादरी साहब किब्ला मुख्य वक्ता के रूप में अवाम को संबोधित करेंगे, साथ ही मुम्बई से पधार रहे सुन्नी दावते इस्लामी के मुबल्लिग हजरत अल्लामा मौलाना मुहम्मद सादिक रज़वी साहब किब्ला विशिष्ट अतिथि होंगे। महफ़िल में नातिया कलाम पेश करने के लिए बुलबुले राजस्थान हजरत कारी मुहम्मद शरीफ साहब रज़वी (पाली) से शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्थानीय व बाहरी उलेमाओं का बड़ा मजमा जुटेगा, जिनमें मुख्य रूप से हजरत अल्लामा मौलाना हाफिज व कारी अब्दुल गनी साहब सअदी, इजराइल साहब किब्ला, कमरे आलम साहब रज़वी, मुख्तार अहमद साहब कादरी, असलम रब्बानी साहब, मुहम्मद रमजान साहब बरकाती, मुहम्मद रफीक साहब बरकाती, अफजल बरकाती साहब, शाहरुख साहब रज़वी और अकरम फैजानी साहब सहित जुमला अइम्माए किराम शामिल रहेंगे। मदरसा रज़ाए मुस्तफा सुन्नी शाही मस्जिद के समस्त अराकीन ने बिरादराने इस्लाम से गुजारिश की है कि इस नूरानी और तालीमी जलसे में ज्यादा से ज्यादा तादाद में तशरीफ लाकर उलमा-ए-किराम व सादाते किराम के बयानात और नात पाक सुनकर जलसे को कामयाब बनाएं और सबाबे दारैन हासिल करें।


