मानसून 2026 जिले में एनडीआरएफ की टीम करेगी आपदा जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान

Jul 22, 2026 - 20:38
 0
मानसून 2026 जिले में एनडीआरएफ की टीम करेगी आपदा जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान

भरतपुर (कोश्लेंद्र दत्तात्रेय) 22 जुलाई। मानसून सत्र 2026 के दौरान संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से गृह मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन 06 बटालियन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), वडोदरा (गुजरात) की एक विशेष टीम जिले में तैनात की गई है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन राजीव शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशन में एनडीआरएफ की टीम जिले के बाढ़ एवं आपदा संभावित क्षेत्रों तथा बहु-दुर्घटना जोखिम वाली इकाइयों का भौतिक निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी एकत्र करेगी। इस दौरान संभावित जोखिमों का आकलन कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीम विद्यालयों, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, कार्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आम नागरिकों के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएगी। अभियान के तहत आपदा की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा, बाढ़ एवं जलभराव के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियां, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी, खोज एवं बचाव के प्रारंभिक उपाय तथा आपदा के दुष्प्रभावों को कम करने संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक द्वारा उपलब्ध कराई गई विद्यालयों की सूची के अनुसार विभिन्न विद्यालयों में विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़े और वे आपातकालीन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने में सक्षम बन सकें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं संगठनों से एनडीआरएफ टीम के साथ समन्वय स्थापित कर जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................