दो बेटे गोरे, तीसरा सांवला कैसे?पत्नी को दिया तलाक:महिला बोली-पति चरित्र पर शक करता था, रोज ताने मारता और पीटता था
अलवर। राजस्थान के अलवर शहर से एक हैरान और शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पति ने अपने ही 6 साल के मासूम बेटे के सांवले रंग को आधार बनाकर पत्नी के चरित्र पर शक जताया और मारपीट के बाद उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
"दो गोरे, तो तीसरा सांवला क्यों?" — 6 साल से जारी था उत्पीड़न पीड़ित महिला के अनुसार, उसकी शादी 12 साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि उसका पति पिछले 6 सालों से सबसे छोटे बेटे (6) को अपनी संतान मानने से इनकार कर रहा था। पति का तर्क था कि जब बड़े दोनों बच्चे गोरे हैं, तो तीसरा बेटा गेहुंआ यानी सांवला कैसे हो सकता है। इसी बात को लेकर वह लगातार महिला पर शक करता, ताने मारता और मारपीट करता था।
15 जुलाई की रात गाली-गलौज के बाद बोला— "तलाक, तलाक, तलाक" घटना 15 जुलाई की रात की है, जब आरोपी पति घर पहुंचा और छोटे बेटे के रंग को लेकर फिर से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पत्नी के साथ जमकर मारपीट की और उसके बाद तीन बार "तलाक, तलाक, तलाक" कहकर उसे आजाद करने की बात कहकर रिश्ते खत्म करने का ऐलान कर दिया।
पहले से दर्ज है केस, पुलिस ने शुरू की जांच पीड़िता ने बताया कि पति पहले भी खर्च नहीं देता था और प्रताड़ित करता था, जिसको लेकर पूर्व में भी मामला दर्ज कराया जा चुका है। इसके बावजूद पति के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। अब परेशान होकर महिला ने अलवर पुलिस थाने में फिर से शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी है।

