कारगिल विजय दिवस: राजेंद्र मार्ग विद्यालय, भीलवाड़ा में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेंद्र मार्ग में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु एक गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गहलोत ने अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया और विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति एवं देश सेवा का भाव जागृत किया। इस अवसर एनएसएस एवं घोष बैंड प्रभारी सत्येंद्र माली के प्रभावी नेतृत्व में घोष बैंड की धुन पर सभी अतिथि एवं छात्रों द्वारा शहीदों को श्रद्धांजलि स्वरुप पुष्प अर्पित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय कवि योगेंद्र शर्मा रहे, जिन्होंने अपनी ओजस्वी एवं वीर रस की कविताओं के माध्यम से शहीदों को काव्यांजलि अर्पित की। उनकी ओजपूर्ण प्रस्तुति से संपूर्ण विद्यालय परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष तथा करतल ध्वनि से गूंज उठा। कवि योगेंद्र शर्मा के विशेष आग्रह पर प्रधानाचार्य गहलोत ने सभी कक्षा अध्यापकों से उपस्थिति (रोल कॉल) के समय 'यस सर' की जगह 'जय हिंद' बुलवाने का निवेदन किया, जिस पर सभी कक्षा अध्यापकों ने सहर्ष अपनी सहमति प्रदान की।
कार्यक्रम में प्राध्यापक सुरेंद्र सिंह चौहान ने परमवीर चक्र प्राप्त अमर जवानों के शौर्य एवं पराक्रम गाथा के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम प्रभारी शंकर लाल जाट के नेतृत्व में आयोजन के दौरान एन.एस.एस., एन.सी.सी. एवं स्काउट के विद्यार्थियों की अनुशासित उपस्थिति से पूरा विद्यालय एक छावनी के रूप में परिवर्तित नज़र आया, जो अत्यंत अद्भुत और विहंगम दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।
मंच का कुशल एवं सफल संचालन प्राध्यापक सांवरा लाल कुमावत एवं भागचंद जैन ने किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का धन्यवाद एवं आभार ज्ञापन प्राध्यापक राजेश शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की उप-प्रधानाचार्य श्रीमती अंकिता उपाध्याय, प्राध्यापक धीरज जोशी, प्राध्यापक भागचंद जैन, श्रीमती अर्चना जोशी, श्रद्धा शर्मा, रेखा शर्मा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा एवं सभी कार्मिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

