हलैना में आस्था और उल्लास के साथ शुरू हुआ गुरु पूर्णिमा महोत्सव, गूंजे गिरिराज धरण के जयकारे
हलैना (विष्णु मित्तल) क्षेत्र के श्री गिरिराज धरण धाम स्थित संत रंगली भगत जी महाराज की तपोभूमि श्री गुरुमाया भगत जी आश्रम पर गुरु पूर्णिमा पर्व के उपलक्ष्य में चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य शुभारंभ हो गया है। राष्ट्रीय संत बालकदास महाराज एवं साधू बाबा के पावन सानिध्य में आयोजित इन आयोजनों से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। शुरुआत के साथ ही आश्रम परिसर में श्री गिरिराज धरण के जयकारों के बीच रामायण पाठ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
समिति और शिष्यों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार दिवसीय इस इस आयोजन के दौरान प्रतिदिन रामायण पाठ, आध्यात्मिक प्रवचन, संत समागम और श्रीराम यज्ञ जैसे पवित्र अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं। इन आयोजनों में भाग लेने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु तपोभूमि पहुंच रहे हैं। चार दिवसीय इस महोत्सव का समापन 28 जुलाई को होगा। अंतिम दिन होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल हैं:
- श्री गिरिराज धरण की विशेष पूजा-अर्चना
- मूक-बधिर एवं बेजुबान जीव-जंतुओं की सेवा
- संत दर्शन एवं आशीर्वाद समारोह
- श्रीराम यज्ञ की पूर्णाहुति
- 'पूंछरी का लोठा' में संत दर्शन और विशाल भंडारा
आयोजन को लेकर श्री गुरुमाया रंगली भगत सेवा समिति और शिष्यों द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि तपोभूमि पर पधारने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

