एसबीआई में मुख्य महाप्रबंधक ने किया सम्मानित; समृद्ध ग्राम्य अभियान को राज्य में मिला द्वितीय स्थान, वित्तीय समावेशन में उत्कृष्ट कार्य पर मिला सम्मान
भरतपुर,(विष्णु मित्तल) समृद्ध ग्राम्य अभियान संस्था द्वारा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की वित्तीय समावेशन योजना के अंतर्गत राज्य के 13 जिलों में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए संस्था को राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर संस्था के योजना समन्वयक नितिन शर्मा को एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक ओंकार नाथ चौधरी, उप महाप्रबंधक विश्वनाथ यादव, सहायक महाप्रबंधक आर.के. गुप्ता तथा हीरा मीणा द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संस्था के सचिव सीताराम गुप्ता ने बताया कि समृद्ध ग्राम्य अभियान पिछले कई वर्षों से भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने का कार्य कर रहा है। वर्तमान में संस्था द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में 198 ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन केंद्रों के माध्यम से प्रतिदिन हजारों लोग नकद जमा, निकासी, धन हस्तांतरण, आधार आधारित बैंकिंग सेवाओं सहित ₹30,000 तक के लेन-देन की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार एवं क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण गरीब, श्रमिक, किसान एवं असंगठित क्षेत्र के लोगों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
संस्था के उत्कृष्ट कार्यों का परिणाम यह रहा कि जून माह में ही 2,609 व्यक्तियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, 1,123 व्यक्तियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा 469 व्यक्तियों को अटल पेंशन योजना से जोड़ा गया। इसके अतिरिक्त 2,896 नए बैंक खाते खोलकर वित्तीय समावेशन अभियान को और अधिक गति प्रदान की गई। संस्था द्वारा री-केवाईसी, आधार सीडिंग तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को भी प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है।
वित्तीय समावेशन योजना के समन्वयक नितिन शर्मा ने बताया कि सम्मान समारोह के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक ओंकार नाथ चौधरी ने सभी कार्यकर्ताओं एवं बैंक मित्रों को री-केवाईसी अभियान तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का मूल उद्देश्य समाज के गरीब, जरूरतमंद एवं असंगठित वर्ग के लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। इसके लिए गांव-गांव विशेष शिविर आयोजित कर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
संस्था के सचिव सीताराम गुप्ता ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल समृद्ध ग्राम्य अभियान संस्था का नहीं, बल्कि संस्था से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं, बैंक मित्रों, ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों तथा उन हजारों ग्रामीण परिवारों का है जिन्होंने संस्था पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में कार्य करती रहेगी और आगामी महीनों में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य लेकर विशेष अभियान एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।

