डीएलएसए सचिव अजीत कुड़ी ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

Jul 25, 2026 - 17:47
 0
डीएलएसए सचिव अजीत कुड़ी ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खैरथल-तिजारा के अध्यक्ष (जिला एवं सत्र न्यायाधीश) शैलेंद्र व्यास के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजीत कुड़ी ने गत दिवस तिजारा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (टाइप-4) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन, आवासीय सुविधाओं तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने विद्यालय परिसर, छात्रावास, रसोईघर तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। विद्यालय में कक्षा 9 से 12 तक कुल 100 बालिकाएं नामांकित हैं, जो आवासीय सुविधा के साथ अध्ययनरत हैं।
निरीक्षण में सबसे गंभीर लापरवाही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सामने आई। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए, जिसे बालिकाओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंभीर चिंता का विषय माना गया। इसके अलावा छात्रावास के शयन कक्षों में लगे कूलरों पर सुरक्षा जाली नहीं लगी मिली, जिससे किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
भोजन व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि बालिकाओं को मध्याह्न भोजन के बाद सीधे शाम का भोजन दिया जाता है।
वहीं रसोईघर में रखा फ्रिज भी खराब स्थिति में मिला, जिसकी लाइट बंद पाई गई। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाएं अपने कपड़े स्वयं धोती हैं।
कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जांच में भी अनियमितता सामने आई। पंजिका में कर्मचारियों के हस्ताक्षर तो दर्ज थे, लेकिन किसी भी कर्मचारी के आने और जाने का समय अंकित नहीं किया गया था। सचिव ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के बाद सचिव अजीत कुड़ी ने विद्यालय प्रशासन को बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल चालू कराने, सभी कूलरों पर सुरक्षा जाली लगवाने, उपस्थिति पंजिका में कर्मचारियों के आगमन एवं प्रस्थान का समय अनिवार्य रूप से दर्ज करने तथा भोजन व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने के सख्त निर्देश दिए।
सचिव ने स्पष्ट कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा, सुविधा एवं अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पाई गई सभी कमियों और अनियमितताओं की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है, ताकि आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार सुनिश्चित किया जा सके। इस मौके पर प्राधिकरण सचिव के साथ प्राधिकरण के पीएलवी सूरजभान कछवाहा भी मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................